दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव में आजाद समाज पार्टी ने भी ताल ठोक दी है। पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने दावा किया है कि इस बार दतिया की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों को नकारने का मन बना चुकी है और उपचुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिलेगा। यादव ने भाजपा और कांग्रेस पर जनता को वर्षों तक गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी-कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा।
उनकी पार्टी पिछले करीब 85 दिनों से लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है और अब तक 135 गांवों का दौरा कर क्षेत्र के अधिकांश मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा चुकी है।यादव ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक प्रतिनिधित्व के बावजूद दतिया में उद्योग, रोजगार और विकास के बड़े दावे धरातल पर नहीं उतरे।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में भय और भ्रष्टाचार का माहौल बना है। जिसे खत्म करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गांव, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के मुद्दों को चुनाव का मुख्य एजेंडा बनाएगी।यादव ने बताया कि आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद 11 जुलाई को सुबह 11 बजे दतिया के किला चौक पर जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके दौरे से चुनाव अभियान को गति मिलेगी।
