
रामपुर नैकिन। क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में महीनों से हैंडपंप खराब हैं। पीएचई विभाग की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी से ग्रामीण पानी के लिए भटक रहे हैं। शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं हुआ। सरपंच संघ अध्यक्ष रजनी आशीष तिवारी ने जल्द आंदोलन की चेतावनी दी है। दरअसल रामपुर नैकिन क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में हैण्डपंप बिगडऩे की ग्रामीणों की शिकायतों का अम्बार लगा है। वहीं हैण्डपंप सुधार से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि की सुनते नहीं। ताजा मामला ग्राम पंचायत क्षेत्र झगरी, गुजरेड, अमिलहा, पोस्ता, खैरा, डिठौरा, गौरदह, बोकरो, बेल्दह, मड़वा, चंदरेह समेत दर्जनों गांवों का है। जहां सरपंचों के द्वारा 3 महीने से हैण्डपम्प सुधार हेतु बार-बार आवेदन करने के बाद भी पीएचई विभाग के अधिकारी, उपयंत्री, एसडीओ द्वारा फोन ही नहीं उठाते। कभी कभार उठाते भी हैं तो सुधार करवाना उचित नहीं समझते।
