
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
मंत्री सिंह ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक की बात गंभीरता से सुनी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। मंत्री ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
