फर्स्ट एसी में चूहे का आतंक, सोते बुजुर्ग की नाक कुतरी

इंदौर। फर्स्ट एसी में सफर, लेकिन रात में चूहे का आतंक चंडीगढ़ से इंदौर आ रही ऊना-इंदौर एक्सप्रेस के एच 1 कोच में 78 वर्षीय यात्री एचपी करण की सोते समय चूहे ने उनकी नाक कुतर दी। हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने सफर शुरू होते ही कोच में चूहा घूमने की शिकायत रेलवे स्टाफ से की थी, लेकिन आरोप है कि उसे हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया। आगरा के आसपास डॉक्टर ने बुजुर्ग को देखा। इंदौर पहुंचने पर परिजन उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल ले गए, जहां रेबीज से बचाव का इंजेक्शन लगाया गया।

शिकायत पहले, कार्रवाई बाद में भी नहीं

परिजनों के मुताबिक, कोच में गंदगी और चूहे की शिकायत की गई थी। रेलवे कर्मचारियों ने सफाई तो कर दी, लेकिन चूहे को पकड़ने या तत्काल पेस्ट कंट्रोल कराने की व्यवस्था नहीं की गई। इसके बाद चूहा रात तक कोच में घूमता रहा और आखिरकार बुजुर्ग पर हमला कर दिया।

रेलवे का दावा, फिर सवाल

रेलवे अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, गाड़ी संख्या 19308 वेस्टर्न रेलवे की है और इसमें हर 15 दिन में पेस्ट कंट्रोल किया जाता है। अधिकारी ने घटना आगरा के आसपास की बताते हुए कहा कि ट्रेन को सुरक्षित स्थिति में भेजने की जिम्मेदारी संबंधित व्यवस्था की होती है और घटना वापसी के दौरान हुई।

लेकिन सवाल यह है कि जब पेस्ट कंट्रोल नियमित है तो चूहा फर्स्ट एसी तक कैसे पहुंचा? और शिकायत मिलने के बाद उसे हटाया क्यों नहीं गया?

फर्स्ट एसी के लिए यात्री अधिक किराया देता है, लेकिन यदि प्रीमियम कोच में भी सोते समय चूहे से सुरक्षा की गारंटी नहीं है, तो रेलवे की साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। यह मामला सिर्फ असुविधा का नहीं, यात्री सुरक्षा और रेलवे की जवाबदेही का है।

Next Post

निर्माण कार्य में फर्जी भुगतान करने पर सचिव निलंबित

Mon Aug 24 , 2026
मऊगंज, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीवा मेहताब सिंह गुर्जर ने नईगढ़ी जनपद पंचायत अन्तर्गत ग्राम पंचायत मुडिला के तत्कालीन सचिव तथा वर्तमान ग्राम पंचायत सचिव बंधवा भाईवाट सुरेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिये हैं. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत नईगढ़ी नियत […]

You May Like