इंदौर: शहर में शासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के कार्य कर रहा है. इसमें शहर के तालाबों गहरीकरण और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम कार्य किए जा रहे हैं. सोमवार को निगम आयुक्त ने शहर में जल संरक्षण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया. साथ ही अधिकारियों को जल गंगा संरक्षण अभियान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
आज निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने नायता मुंडला तालाब गहरीकरण एवं पाल मजबूतीकरण कार्य का अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि तालाब गहरीकरण एवं पाल सुदृढ़ीकरण कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए. आयुक्त सिंघल ने अनाज मंडी वेयर हाउस परिसर का निरीक्षण किया. यहां उन्होंने रेनवाटर हार्वेस्टिंग के अंतर्गत प्रस्तावित संरचनाओं, रिचार्ज शाफ्ट एवं स्टोरेज टैंक निर्माण कार्यों मौका मुआयना किया. उन्होंने कहा कि बड़े संस्थानों एवं परिसरों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था विकसित कर भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी.
जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्य प्राथमिकता से करें
आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों से कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें. जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जनता की सहभागिता पर जोर दें. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्रीअश्विन जनवदे, सहायक यंत्री आकाश जैन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
