
छिंदवाड़ा. मंडी बोर्ड द्वारा किसानों को कृषि उपज विपणन के क्षेत्र में अभिनव कदम उठाते हुये मोबाइल ऐप माध्यम से अपनी कृषि उपज का विक्रय अपने घर, खलिहान, गोदाम से करने की सुविधा प्रदान की है. कृषि उपज मंडी समिति के भारसाधक अधिकारी सुधीर कुमार जैन ने बताया कि कृषक सर्वप्रथम अपने एंड्राइड मोबाईल पर मंडी बोर्ड का मोबाइल ऐप-एमपी फार्म गेट इंस्टाल करें. इस ऐप में कृषक पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण करें. फसल विक्रय के समय कृषक अपनी कृषि उपज के संबंध में मंडी फसल, ग्रेड-किस्म, मात्रा एवं वांछित भाव की जानकारी दर्ज करें. कृषकों द्वारा अंकित की गई समस्त जानकारियां चयनित मंडी के पंजीकृत व्यापारियों को प्राप्त हो जायेगी व प्रदर्शित होगी. व्यापारी द्वारा फसल की जानकारी एवं बाजार की स्थिति के अनुसार अपनी दरें आनलाईन दर्ज की जायेगी. जो कृषक को ऐप में आनलाईन प्रदर्शित होगी. व्यापारी द्वारा प्रस्तुत दरों में उच्चतम दर पर कृषक द्वारा अपनी सहमति पर आनलाईन दर्ज कराने पर संबंधित व्यापारियों को ऐप में मैसेज प्राप्त होगा जिसके बाद आपसी सहमति के आधार पर चयनित स्थल पर कृषि उपज का तौल कार्य होगा. तौल कार्य के उपरांत आनलाईन सौदा पत्रक एवं भुगतान पत्रक जारी किया जायेगा तथा शासन एवं मंडी बोर्ड के नियमानुसार बैंक खाते में भुगतान किया जायेगा. इस प्रकार कृषक इस मोबाइल ऐप के माध्यम से मंडी में आये बिना अपने घर,गोदाम खलिहान से भी अपनी कृषि उपज का विक्रय कर सकते हैं.
