शहर काजी बनने के लिए फर्जी दस्तावेजों का लिया था सहारा, केस दर्ज

इंदौर. सांवेर में शहर काजी का पद हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों और कथित तौर पर न्यायालयीन आदेशों के दुरुपयोग का मामला सामने आया है. एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने वास्तविक तथ्यों को छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और इन्हीं के आधार पर खुद को सांवेर का शहर काजी स्थापित कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजे. प्रशासनिक जांच में उसके दावे और प्रस्तुत तथ्य गलत व नियमों के खिलाफ पाए जाने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है.

मामला सांवेर के वार्ड नंबर 1 में रहने वाले मोहम्मद सलामुद्दीन बरकाती से जुड़ा है. उसके द्वारा खुद को शहर काजी स्थापित कराने के लिए वरिष्ठ कार्यालयों को भेजे गए पत्रों की जांच पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने की. विभाग की जांच में सामने आया कि पत्रों में प्रस्तुत किए गए तथ्य वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते थे. जांच रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने वास्तविक तथ्यों को छिपाकर असत्य आधार तैयार किए थे. आरोप है कि इन दावों को मजबूत करने के लिए न्यायालयीन आदेशों का भी इस्तेमाल किया. प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर और ग्रामीण पुलिस स्तर से कार्रवाई की मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार को सांवेर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया.

दस्तावेजों और पत्राचार की जांच कर रही सांवेर पुलिस
पुलिस अब आरोपी द्वारा तैयार किए गए दस्तावेजों, वरिष्ठ अधिकारियों को भेजे गए पत्रों और उनमें किए गए दावों की जांच कर रही है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कथित कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं. थाना प्रभारी लाखन सिंह राजपूत ने बताया कि प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है, दस्तावेजों और पत्राचार की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Next Post

अलमारी से 7 लाख के जेवर पार

Fri Sep 25 , 2026
जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत पंजाब बैंक कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार के घर से अज्ञात चोर ने अलमारी का ताला खोलकर करीब 7 लाख के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पंजाब बैंक कॉलोनी निवासी सौरभ सोनी […]

You May Like