नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने ऑस्ट्रेलिया की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनी गोल्डफील्ड्स ऑस्ट्रेलिया प्रा. लि. के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां ऑस्ट्रेलिया में रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और पुनर्विकास परियोजनाओं पर संयुक्त रूप से कार्य करेंगी।
एमओयू पर एनबीसीसी के कार्यकारी निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) प्रदीप शर्मा और मेडअचीवर्स प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक डॉ. हर्ष वर्धन ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.पी. महादेवस्वामी और गोल्डफील्ड्स ऑस्ट्रेलिया के प्रबंध निदेशक मार्को गटिनो उपस्थित रहे।
इस साझेदारी के तहत एनबीसीसी जल्द ही ऑस्ट्रेलिया में अपना शाखा कार्यालय स्थापित करेगी, जो स्थानीय स्तर पर परियोजनाओं के समन्वय और क्रियान्वयन में सहायक होगा। प्रारंभिक परियोजनाओं में 88 रॉबर्टसन स्ट्रीट (ब्रिसबेन) और शेप्पार्टन मास्टर प्लान्ड कम्युनिटी (विक्टोरिया) शामिल हैं।
यह समझौता पांच वर्षों के लिए मान्य रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर नवीनीकृत किया जा सकेगा। यह साझेदारी एनबीसीसी के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो भारत की अंतरराष्ट्रीय निर्माण और रियल एस्टेट बाजारों में बढ़ती उपस्थिति को सशक्त बनाएगी।
