इंदौर: काम की तलाश में करीब एक माह पहले रतलाम से इंदौर आए 24 वर्षीय युवक पर देर रात तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. मरीमाता मंदिर के पास हुई वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
घायल की पहचान करण पिता देवेश निवासी जबरन कॉलोनी के रूप में हुई है. करण मूल रूप से रतलाम का रहने वाला है और काम की तलाश में इंदौर आया था, फिलहाल वह अपनी मौसी के घर रह रहा था.
बीती रात करण रावजी बाजार क्षेत्र में मरीमाता मंदिर के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और धारदार चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में करण के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया. वारदात के बाद तीनों बदमाश मौके से भाग निकले. आसपास मौजूद लोगों ने घायल को एमवाय अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान लेने के प्रयास किए. रावजी बाजार पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है.
