
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात आईपीएल सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से नकदी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े सबूत मिले हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुलमोहर कॉलोनी स्थित डी मार्ट के पास एक फ्लैट में क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि राजस्थान और हैदराबाद के बीच चल रहे मैच पर सट्टा संचालित हो रहा था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार से मोहम्मद सिकंदर उर्फ सनी, मोहम्मद सुल्तान उर्फ बॉबी और अपूर्व यादव को पकड़ा. जांच में सामने आया कि आरोपी ड्रीम दिल्ली डॉट कॉम और एक्सच डॉट कॉम जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चला रहे थे. उनके मोबाइल फोन से कई आईडी और ऑनलाइन पेमेंट ट्रांजैक्शन के सबूत भी मिले हैं. मौके से एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. पुलिस ने फिलहाल जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि आईटी एक्ट के पहलुओं की भी जांच जारी है. सूत्रों के अनुसार, मौके पर 9 लोगों के मौजूद होने की जानकारी थी, लेकिन पुलिस तीन आरोपियों को ही पकड़ सकी. आरोपियों के पास से लाखों रुपए नकद मिलने की बात सामने आई है, हालांकि जब्त रकम का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया है. मामले में कुछ लोगों के फोन आने की भी चर्चा है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
