जैतवारा: नगर में लगातार बढ़ते जल स्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर परिषद जैतवारा एवं तहसील प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील एवं जलमग्न मार्गों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कराया गया। नगर परिषद की टीम द्वारा रेलवे अंडर ब्रिज, जैतवारा-कुलकड़िया रोड पर कस्तूरिया नाला के पास स्थित पुलिया तथा भिटारी-पहुंज मार्ग पर झिरवाह नाला के पास बैरिकेडिंग एवं रस्सी लगाकर रास्ता बंद कराया गया, ताकि नागरिक किसी प्रकार की दुर्घटना का शिकार न हों।
इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी पंजाब सिंह, तहसीलदार जैतवारा ज्योति पटेल, थाना प्रभारी अजय सिंह परिहार, मनोज पटेल पटवारी नगर परिषद अतिक्रमण प्रभारी शैलेंद्र सिंह एवं स्वच्छता प्रभारी दीपेंद्र सिंह सहित नगर परिषद एवं प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।
नगर परिषद एवं प्रशासन की टीम द्वारा लगातार संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वार्ड क्रमांक 6-7 के सेरगंज मोहल्ले तथा वार्ड क्रमांक 13 में जिन घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया था, वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित रूप से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि जलमग्न मार्गों, पुल-पुलियाओं एवं तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने अथवा बैरिकेडिंग हटाकर रास्ता पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नगर परिषद, तहसील प्रशासन अथवा थाना जैतवारा से संपर्क करें।
नगर परिषद जैतवारा, तहसील प्रशासन एवं थाना जैतवारा की टीम बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है।
