
रीवा। रीवा के अजगरहा गांव में बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से परेशान होकर ग्रामीणों ने चक्काजाम किया है. भीषण गर्मी में बिजली और पानी के संकट के कारण आक्रोशित लोगों ने सडक़ पर जाम लगाकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समाधान की मांग की गई.
अजगरहा और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही इस तरह की बिजली संबंधी समस्याओं और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि बीते चार दिनों से लगातार बिजली की समस्या बनी हुई है लो-वोल्टेज के कारण पंखे और कूलर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे भीषण उमस और गर्मी में बुजुर्गों व बच्चों का बुरा हाल है. सडक़ जाम होने के कारण वाहनों की कतारें लग गईं, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और एमपी विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने व फॉल्ट सुधारने का आश्वासन दिया. ग्रामीणों का सीधा आरोप था कि लगातार उनके द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी जाती रही लेकिन सुधार के कोई प्रयास नहीं किए गए जिससे परेशान होकर उन्हें आज यह कदम उठाना पड़ा.
