मकान मालकिन की लापरवाही ने ली थी मजदूर की जान, एफआईआर दर्ज

जबलपुर: गोराबाजार थाना अंतर्गत बजरंग कॉलोनी बिलहरी में काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। मर्ग जांच में मकान मालकिन की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खितौला निवासी कपिल सोनी ने सूचना दी थी कि उसके फूफा सुभाष सोनी (40) और गोविंद कोल 1 जुलाई 2025 को बजरंग कॉलोनी स्थित निन्दर कौर के घर मजदूरी करने गए थे। दोनों घर की छत पर सीट के ऊपर त्रिपाल (पन्नी) बिछाने का काम कर रहे थे।

घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी और छत के ठीक ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी थी। सुभाष सोनी ने संभावित खतरे को देखते हुए मकान मालकिन निन्दर कौर से करंट लगने के डर की बात कही थी। निन्दर कौर ने यह कहते हुए काम जारी रखने को कहा कि एक घंटे का काम है कुछ नहीं होगा। निन्दर कौर के कहने पर जब सुभाष छत पर काम करने लगे, तब एक लोहे का पाइप नीचे रखते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया।

पाइप लोहे का होने के कारण सुभाष उसकी चपेट में आ गए और उनके दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए थे। आनन-फानन में उन्हें ऑटो से विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, था जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। गोराबजार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की। जांच में पाया गया कि मकान मालकिन निन्दर कौर ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे और खतरे की जानकारी होने के बावजूद उपेक्षापूर्ण तरीके से काम कराया। इसी लापरवाही के कारण सुभाष सोनी की मौत हुई। पुलिस ने आरोपी निन्दर कौर के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Next Post

महाविद्यालय में 31 मार्च तक चलेगा संकल्प से समाधान अभियान

Sun Feb 15 , 2026
सागर: पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में बैठक आयोजित की गई । महाविद्यालय स्तर में, विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु चरणवार “संकल्प से समाधान अभियान 31 मार्च तक चलाया जा रहा है […]

You May Like