नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों से आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने के लिए मिलकर ठोस कदम उठाने की अपील की है।
ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में एस सी ओ देशों के सरकार प्रमुखों की परिषद की 25वीं बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में दोहरे मापदंड नहीं होने चाहिए और आतंकवादियों को आर्थिक मदद, समर्थन या सुरक्षित ठिकाने देने वालों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करते हुए ही संपर्क परियोजनाएं आगे बढ़नी चाहिए।
उन्होंने व्यापार, निवेश और आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही, 2026-2030 के लिए बहुपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक सहयोग कार्यक्रम की कार्ययोजना को अपनाने का समर्थन किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि एस सी ओ की सफलता युवाओं के लिए अवसर पैदा करने, उद्यमियों के लिए नए बाजार खोलने और किसानों एवं छोटे कारोबारियों तक तकनीक पहुंचाने से तय होनी चाहिए।
उन्होंने संगठन से सहमति के आधार पर सहयोग बढ़ाने और ठोस नतीजे हासिल करने की अपील की। बैठक में सदस्य देशों के बीच व्यापार, परिवहन, वित्त, डिजिटल अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में सहयोग की समीक्षा की गई। प्रतिनिधिमंडलों ने संयुक्त विज्ञप्ति, वर्ष 2027 के एस सी ओ बजट और 2026-2030 की आर्थिक सहयोग कार्ययोजना को मंजूरी दी।
