काशी मे मोदी के प्रस्तावित रोड शो को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां

वाराणसी, 26 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान उनका भव्य रोड शो भी प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी की ओर से तेज कर दी गई हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को बरेका मैदान में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की 100 से ज्यादा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वह 40,000 से अधिक महिलाओं को भी संबोधित करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरेका से निकलकर मंडुआडीह, लहरतारा होते हुए पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से लहुराबीर, मैदागिन होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन करेंगे।

प्रधानमंत्री के रोड शो के रूट पर अंतिम मुहर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) द्वारा लगाई जाएगी। भाजपा ने पांच प्रमुख स्थानों पर भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बनारस रेलवे स्टेशन के सामने, लहुराबीर, पुलिस लाइन चौराहा, मैदागिन तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास विशेष स्वागत की व्यवस्था की जा रही है। पूरे मार्ग को सजाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी। कुछ स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

श्री मोदी जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, उनमें लगभग 1,052 करोड़ रुपये की 40 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 5,216.97 करोड़ रुपये की 60 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। लोकार्पण की प्रमुख संभावित परियोजनाओं में 308 करोड़ रुपये का एसटीपी प्रोजेक्ट, 277.63 करोड़ रुपये का रोड प्रोजेक्ट, 195.92 करोड़ रुपये का ब्रिज प्रोजेक्ट तथा 45.91 करोड़ रुपये का सोवा रिग्पा अस्पताल शामिल हैं।

वहीं शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में 2,464 करोड़ रुपये की लागत का रेलवे सिग्नेचर ब्रिज, 1,582.99 करोड़ रुपये की नगरीय क्षेत्र सीवरेज एवं वाटर सप्लाई परियोजना, 429.36 करोड़ रुपये का एसएसपीजी प्रोजेक्ट तथा 198 बेड का अस्पताल शामिल है। अन्य प्रमुख परियोजनाओं में मंडलीय चिकित्सालय में 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दीनदयाल चिकित्सालय के सुदृढ़ीकरण एवं रीमॉडलिंग कार्य तथा नगर निगम कार्यालय भवन का निर्माण भी प्रस्तावित है। प्रशासन द्वारा इन परियोजनाओं की विस्तृत सूची शीघ्र जारी किए जाने की संभावना है।

 

 

Next Post

तेलंगाना सरकार के कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किये

Sun Apr 26 , 2026
हैदराबाद, 26 अप्रैल (वार्ता) तेलंगाना सरकार ने बड़े पैमाने प भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादले हैं। इस संबंध में आदेश मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने शनिवार देर रात जारी किये। महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाल रहे कई वरिष्ठ अधिकारियों को नयी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। श्री संजय कुमार […]

You May Like