बुधनी। नगर प्रमुख मार्गों की बदहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए खतरा बनती जा रही है. सड़कों पर दो फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं. इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा इनकी मरम्मत नहीं कराए जाने से लोगों में नाराजगी है.
एकलव्य आवासीय विद्यालय के पास स्टेट हाईवे पर बने गहरे गड्ढे लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए हैं. लोगों का कहना है कि वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. गडरिया नाले के पास नेशनल हाईवे-46 की भोपाल आवागमन वाली सर्विस रोड़ की हालत भी बदहाल है.
लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया. लोगों ने प्रशासन और संबंधित सड़क निर्माण विभाग से मांग की है कि तत्काल गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके.
