सीहोर। महिला एवं बाल विकास विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई और परियोजना अधिकारी के निलंबन के बावजूद आंगनबाडिय़ों की तस्वीर बदलती नजर नहीं आ रही है. बुधवार को ग्राम बिछिया की आंगनबाड़ी में विधायक सुदेश राय के औचक निरीक्षण ने व्यवस्थाओं की एक बार फिर पोल खोल दी. केन्द्र पर महज चार बच्चे मौजूद मिले, जबकि किचन में बच्चों के पोषण आहार के नाम पर एक भगोनी में बेहद कम मात्रा में उबले चावल रखे थे. इतना ही नहीं, पोषण आहार रखने के लिए रखे गए डिब्बे भी खाली पड़े मिले. स्थिति देखकर विधायक ने मौके से ही संबंधित अधिकारी को फोन लगाकर नाराजगी जताई और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
दरअसल विधायक सुदेश राय बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के दौरे पर निकले थे. इसी दौरान उन्होंने ग्राम बिछिया स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का अचानक निरीक्षण करने का निर्णय लिया. विधायक के अचानक पहुंचते ही केन्द्र की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ गई. निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र पर केवल चार – पांच बच्चे ही उपस्थित मिले.
विधायक राय ने आंगनबाड़ी सहायिका से बच्चों की उपस्थिति और उन्हें उपलब्ध कराए जाने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने केन्द्र के किचन का निरीक्षण किया. वहां एक भगोनी का ढक्कन हटाकर देखा तो उसमें बहुत कम मात्रा में उबले हुए चावल रखे थे. विधायक ने जब किचन में रखे अन्य डिब्बों की स्थिति देखी तो अधिकांश डिब्बे खाली मिले. बच्चों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले पोषण आहार की यह स्थिति देखकर विधायक सुदेश राय ने नाराजगी जाहिर की.
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही ग्रामीण क्षेत्र की कई आंगनबाडिय़ों में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता ने परियोजना अधिकारी प्रियंका दीवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया था. इसके बावजूद ग्राम बिछिया की आंगनबाड़ी में सामने आई स्थिति ने विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
विधायक ने ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी आंगनबाड़ी केन्द्रों की नियमित निगरानी करने तथा अनियमितता सामने आने पर तत्काल उन्हें अवगत कराने को कहा. उन्होंनेविभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता रखने तथा समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए.
पोषण आहार वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: राय
विधायक राय ने मौके से ही महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी ज्ञानेश्वर खरे को फोन लगाकर पूरी स्थिति से अवगत कराया और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ उचित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. विधायक ने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन बच्चों के पोषण और बेहतर भविष्य के लिए किया जाता है. ऐसे में पोषण आहार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
