भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को जारी बयान में नगरीय निकायों के उपचुनाव स्थगित किए जाने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद नगर पालिका, नगर निगम और नगर पंचायतों के उपचुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं।
पटवारी ने सवाल किया कि जब नगरीय निकायों के उपचुनाव स्थगित किए गए हैं, तो जनपद पंचायत और जिला पंचायत के उपचुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्यों जारी हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया के संबंध में दोहरे मापदंड का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिन्ह पर होते हैं। यदि भाजपा को अपनी लोकप्रियता और जनसमर्थन पर भरोसा है, तो उसे चुनाव कराने में आशंका क्यों है। उन्होंने सवाल किया, “जब चुनाव अपने पक्ष में दिखे तो तारीख घोषित करो और जब हार सामने दिखे तो चुनाव स्थगित कर दो, क्या यही लोकतंत्र है?”
पटवारी ने 7 सितंबर 2026 को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव कार्यक्रम पहले ही घोषित किया जा चुका था। उन्होंने पूछा कि कानून-व्यवस्था, अतिरिक्त सुरक्षा बल, बारिश, आपदा राहत कार्य और आगामी त्योहारों जैसे मुद्दों का आकलन चुनाव कार्यक्रम जारी करने से पहले क्यों नहीं किया गया।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से चुनाव स्थगित करने के वास्तविक कारण जनता के सामने स्पष्ट करने और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। पटवारी ने कहा कि चुनाव जनता का लोकतांत्रिक अधिकार हैं, किसी सरकार की सुविधा का विषय नहीं।
