
भोपाल। तुलसी नगर स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मदर मैरी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद प्रार्थना सभा में मदर मैरी के जीवन एवं उनके आशीर्वाद का स्मरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने करुणा, विनम्रता और सेवा के मूल्यों पर आधारित विचारोत्तेजक नाटक प्रस्तुत किया। इसके बाद सामूहिक गीत ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह का संचार किया।
तमिल धुनों पर पारम्परिक वेशभूषा में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना की। विद्यालय के इतिहास एवं उससे जुड़े तथ्यों पर आधारित जागरूकता क्विज भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से मदर मैरी को अपना आदर्श बनाकर धैर्य, ईमानदारी और दयालुता को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान शीला जेम्स को विद्यालय में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया।
