भोपाल। जल संरक्षण, पर्यावरणीय स्थिरता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बीएचईएल ने धनवंतरी पार्क के निकट वर्षा जल संचयन एवं भूजल पुनर्भरण परियोजना का उद्घाटन किया।
परियोजना का उद्घाटन बीएचईएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में किया। परियोजना की प्रमुख विशेषता रिचार्ज तालाब है, जिसे वर्षा जल के संरक्षण और उसके धीरे-धीरे जमीन में समाने की प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इससे भूजल स्तर को पुनर्भरित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर हेमराम पटेल ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्षा जल संचयन भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल जल संसाधनों के संरक्षण के साथ भूजल स्तर में सुधार में भी योगदान देगी।
बीएचईएल अधिकारियों के अनुसार, तालाब का वैज्ञानिक तरीके से डिजाइन किया गया है, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन और प्राकृतिक भूजल पुनर्भरण सुनिश्चित हो सके। यह पहल जल संरक्षण और सतत विकास पर राष्ट्रीय जोर के अनुरूप है।
