सीहोर। नगर के भोपाल नाका चौराहे पर 22 फरवरी को दोपहर 12 बजे परमार वंश के महान शासक राजा भोज की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा. कार्यक्रम नपा परिषद एवं समस्त परमार समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है. आयोजन को लेकर पिछले 15 दिनों से लगातार तैयारियां चल रही हैं और समाजजन घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित कर रहे हैं.
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, मंत्री इंदर सिंह परमार, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय तथा नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर सहित सीहोर व शाजापुर जिले से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजजन शामिल होंगे।
भोपाल नाका चौराहे पर स्थापित की जा रही राजा भोज की प्रतिमा प्रदेश के गौरव ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक मानी जा रही है. आयोजकों का कहना है कि राजा भोज ने अपने शासनकाल में शिक्षा, संस्कृति, जल प्रबंधन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए थे. उनकी प्रतिमा आने वाली पीढिय़ों को सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों की प्रेरणा देती रहेगी.
