
सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी की सीमा वृद्धि कर शहर से लगे 23 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव ढाई वर्षों से मंत्रालय में लंबित है। अंतिम प्रकाशन के लिए वल्लभ भवन भोपाल भेजी गई फाइल पर अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है, जिससे संबंधित गांवों का विकास प्रभावित हो रहा है और क्षेत्रवासी निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिला स्तर पर सीमाविस्तार की समस्त प्रक्रिया वर्ष 2023 में ही पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया था। इसके बावजूद नगरीय विकास एवं आवास विभाग से हरी झंडी नहीं मिल सकी है। सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया था। वहीं 19 मई 2025 को मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष कार्यालय की ओर से भी प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास को पत्र क्रमांक 2252 भेजकर त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।
नगर पालिका सीमा में शामिल किए जाने वाले 23 गांवों में प्रमुख रूप से पड़ैनिया पवाई, पड़ैनिया खुर्द, बटौली, हिनौता, विजयपुर, सोनाखांड, खैरही, रामगढ़, जमोड़ी व पनवार क्षेत्र के गांव शामिल हैं। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद नगर पालिका की नई सीमाएं उत्तर में मधुरी पवाई,नौढ़िया, पूर्व में पड़ैनिया क्षेत्र, दक्षिण में सोनाखांड,रामगढ़ तथा पश्चिम में पनवार,जमोड़ी क्षेत्र तक विस्तारित होंगी।
राजपत्र प्रकाशन के बाद भी स्वीकृति नहीं
कलेक्टर (शहरी विकास) सीधी द्वारा 21 मार्च 2023 को स्थानीय निकाय अधिसूचना जारी कर 15 दिवस में आपत्ति एवं सुझाव आमंत्रित करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई थी। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया और 7 अप्रैल 2023 को मध्यप्रदेश राजपत्र में प्रकाशन भी हो चुका है, लेकिन अंतिम अनुमोदन अब तक लंबित है।
गांवों का विकास प्रभावित
प्रस्ताव लंबित रहने से संबंधित 23 गांवों में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नगर पालिका में शामिल होने की स्थिति स्पष्ट न होने से ग्राम पंचायत स्तर पर भी कई कार्य स्वीकृत नहीं हो पा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास थम सा गया है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन की अंतिम स्वीकृति पर टिकी हैं।
इनका कहना है
प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का पूर्व में विभिन्न विषयों के साथ इस विषय का भी लिखित में प्रमुखता से ध्यान आकृष्ट कराया गया है। इसके अलावा मंत्रालय में संबंधित अधिकारी से चर्चा भी कर चुकी हूं । इस बार भोपाल जाकर व्यक्तिगत रूप से इस विषय में गंभीरता से मंत्रालय में पैरवी करुंगी।
श्रीमती रीती पाठक, विधायक सीधी
नगर पालिका परिषद सीधी के सीमा वृद्धि से संबंधित जिले से प्रशासनिक पूरी प्रक्रिया हो गई है। अंतिम प्रकाशन हेतु फाईल मंत्रालय भोपाल में लम्बित है।
मिनी अग्रवाल, परियोजना अधिकारी , जिला शहरी विकास अभिकरण सीधी
