
सिंगरौली । लोकआस्था, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व आज दिन शुक्रवार से प्रारंभ हो रहा है।
यह पर्व मुख्य रूप से भगवान सूर्य एवं षष्ठी देवी छठी मैया की उपासना को समर्पित है। इसमें व्रती महिलाएं एवं पुरुष संतान की सुख-समृद्धि, परिवार के कल्याण, आरोग्यता और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अत्यंत कठिन नियमों का पालन करते हुए व्रत रखते हैं। ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र महाप्रबंधक शिवधाम मंदिर बैढ़न ने छठ महापर्व के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छठ पूजा भारत की प्राचीन सूर्योपासना परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें शुद्धता, सात्विकता, आत्मसंयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का विशेष संदेश निहित है। यह पर्व जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सामूहिक श्रद्धा एवं सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता है।
छठ महापर्व का प्रथम दिन नहाय-खाय से आरंभ
छठ महापर्व का प्रथम दिन नहाय-खाय कहलाता है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान कर घर एवं पूजा स्थल की साफ.-सफाई करते हैं। इसके बाद पूर्ण सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण करते हैं। इस दिन कद्दू-भात, चने की दाल और शुद्ध घी से निर्मित भोजन का विशेष महत्व है। यहीं से छठ व्रत की पवित्र अनुष्ठानिक प्रक्रिया प्रारंभ होती है। वहीं दूसरे दिन खरना का विधान है। गुड़ से निर्मित खीर, रोटी एवं अन्य सात्विक पकवानों का भोग लगाया जाता है। साथ ही छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। अस्त होते सूर्य को जल एवं दूध से अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की जाती है। इधर महापर्व के अंतिम दिन प्रात:काल व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ अनुष्ठान पूर्ण होता है।
