गंभीर ईंधन संकट के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1,000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने की आशंका

इस्लामाबाद, 23 सितंबर (वार्ता) वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और गंभीर ईंधन संकट के कारण पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1,000 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है।

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने चेतावनी देते हुए कह चुके हैं कि अगर देश में ईंधन की किल्लत गहराती है, तो कीमतों में अप्रत्याशित उछाल देखने को मिल सकता है। वर्तमान में पाकिस्तान में पेट्रोल लगभग 389.14 रुपये और डीजल 424 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं, जिसका सीधा असर पाकिस्तान के घरेलू बाजार पर पड़ा है। 28 फरवरी को संघर्ष की शुरुआत के समय पाकिस्तान में पेट्रोल 258.17 रुपये प्रति लीटर था, जिसमें अब तक लगभग 51 प्रतिशत (131 रुपये) की बढ़ोतरी हो चुकी है।

पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि ईंधन की आसमान छूती कीमतों से आम जनता को राहत देने के लिए सरकार ने मोटरसाइकिल, रिक्शा और 800 सीसी तक की कारों का उपयोग करने वाले निम्न व मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए सब्सिडी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को प्रति लीटर 100 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है और अब तक 17.5 लाख से अधिक लोग इसमें पंजीकरण करा चुके हैं।

पेट्रोलियम संकट से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार घरेलू तेल उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी कर रही है। मंत्री ने कहा कि नए तेल कुओं पर काम शुरू कर दिया गया है और अक्टूबर तक स्थानीय स्तर पर उत्पादित कच्चा तेल उपलब्ध होने की संभावना है।

पाकिस्तान अपनी ईंधन जरूरतों के लिए मुख्य रूप से आयातित परिष्कृत तेल पर निर्भर है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव का उस पर सीधा असर पड़ता है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पाकिस्तान ने 53.5 लाख टन पेट्रोल का आयात किया, जो देश की कुल पेट्रोल बिक्री का लगभग 69.7 प्रतिशत हिस्सा है।

Next Post

ट्रेन में छूटा मोबाइल, आरपीएफ ने यात्री को लौटाया

Wed Sep 23 , 2026
जबलपुर। ट्रेन में सफर के दौरान यात्री का सीट पर छूटा करीब 12 हजार रुपए कीमत का मोबाइल आरपीएफ ने सुरक्षित बरामद कर यात्री को वापस सौंप दिया। जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को प्रधान आरक्षक राजेश चौहान ने ट्रेन संख्या 12059 को अटेंड किया। इस दौरान कोच एस-06 की […]

You May Like