इंदौर:चंदन नगर गली नंबर 2 में पिछले कई वर्षों से सीवरेज लाइन की समस्या बनी हुई थी जिसको देखते हुए करीब 2 महीने पहले सीवरेज लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी. सीवरेज लाइन डालने का कार्य भी 2 महीने पहले हो चुका था लेकिन अभी तक इस पर पक्की सड़क का निर्माण नहीं किया. बरसात के कारण लोगों की परेशानियां दोगुनी हो गई है. घरों के आगे इतना कीचड़ हो गया है कि वहां निकलना तो दूर घरों के आगे वह कदम भी नहीं रख नहीं सकते. अब तो लोगों का पैदल निकलना भी दुभर है. इतना ही नहीं सीवरेज लाइन के कार्य के बाद नर्मदा पानी की लाइन भी काट दी गई थी जिसके चलते लोगों को पानी की समस्याओं से भी जूझना पड़ रहा है.
इनका कहना है
पानी की नई लाइन डालने का कार्य करने के लिए हम सभी के कनेक्शन काट दिए गए. पिछले पंद्रह दिनों से पानी की किल्लत बढ़ गई है. इधर-उधर से जाकर पानी लाना पड़ता है.
– मोहम्मद मुबारक मंसूरी
इतना कीचड़ हो चुका है कि बच्चे बाहर नहीं निकाल सकते हैं. पानी की गंदगी के कारण कीड़े पड़ रहे हैं जिससे क्षेत्र के कई बच्चे बीमारी के चपेट में आ रहे हैं.
– मोहम्मद हनीफ
समस्याएं तो बहुत हैं. घरों के आगे ही इतना कीचड़ है कि मौत हो जाए. कोई सीरियस बीमार हो जाए तो इंसान क्या करे. कीचड़ के कारण कचरा गाड़ी भी इस तरफ नहीं आती.
– असलम खान
लगातार बारिश से रूका काम
सोमवार को ही मैंने पूरा सर्वे कराया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार बरसात हो रही है, जिसके कारण सड़क का कार्य रुका पड़ा है. नल कनेक्शन जोड़ कर जल्द ही सड़क का कार्य किया जाएगा.
– फातिमा खान पार्षद
