
नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस महासचिव एवं संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर हुए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला बोला है। श्री रमेश ने आरोप लगाया कि श्री खरगे के प्रति ऐसी दलित-विरोधी नफरत दिखाने वालों को उत्तराखंड की भाजपा सरकार सम्मानित या पुरस्कृत कर सकती है। ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की हिम्मत तभी आती है, जब उन्हें ऊपर से समर्थन या संरक्षण मिलता हो।
उन्होंने सवाल किया कि भाजपा शासित राज्यों में ऐसी घटनाओं की बार-बार पुनरावृत्ति क्यों हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के मूल में दलितों के प्रति नफरत है और वे चाहे कितना भी मुखौटा पहनें, उनकी सोच बार-बार सामने आ जाती है। श्री रमेश ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने वंचित और दलित समाज को राजनीतिक ताकत दी, जिसके चलते उस समाज से आने वाला व्यक्ति देश की राजनीति के सर्वोच्च पदों में पहुंच सका। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि श्री खरगे के सम्मान पर हुए हमले के खिलाफ उनसे एक शब्द बोलने की उम्मीद करना भी बेकार है।
