साधु के भेष में भभूत से महिला को बेसुध कर मंगलसूत्र व नकदी लूटने वाला गिरोह दबोचा, 6 गिरफ्तार

​सौसर, जिले में साधु-बाबा का भेष धारण कर ग्रामीणों व महिलाओं को ठगी और लूट का शिकार बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, नकदी और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।

 *​भभूत लगाकर महिला को किया असहाय, दांत से काटकर छीना मंगलसूत्र* 

ग्राम उंटेकांटा निवासी फरियादी संतोष गुर्वे ने गुरुवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 10 बजे कुछ व्यक्ति साधु के भेष में उसके घर के बाहर आए और आवाज देकर उसे बाहर बुलाया। आरोपियों ने महिला के पति की बीमारी ठीक करने का झांसा देकर पहले उससे 5 हजार रुपये ऐंठ लिए। थोड़ी देर बाद दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने हाथ देखने के बहाने महिला को पास बैठाया और उसके सिर, माथे व चेहरे पर कोई नशीला पाउडर (भभूत) लगा दिया। इससे महिला की आवाज बंद हो गई और वह पूरी तरह असहाय हो गई। इसी का फायदा उठाकर एक आरोपी ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र दांत से काटकर छीन लिया और सभी आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। होश आने पर महिला ने ग्रामीणों को आपबीती सुनाई, तब पता चला कि गांव के कुछ अन्य लोग भी इनकी ठगी का शिकार हुए हैं।

*​घेराबंदी कर रेमंड चौक के पास पकड़ी कार* 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छिंदवाड़ा की ओर भागने के बाद खुटामा से ग्रामीण रास्ते के जरिए सावनेर की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए रेमंड चौक के पास घेराबंदी की और कार क्रमांक MP20CL3665 को रोककर सभी 6 आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 529/26, धारा 123, 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

 *​गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश व सतना के निवासी* 

पकड़े गए आरोपियों में रवि गिरि 33 निवासी ग्राम मोदहा जिला हमीरपुर (उप्र), रामकेश गिरि 45, विकास गोस्वामी 25, बब्लू उर्फ श्याम सखा 52, कार चालक आकाश गिरी 17 सभी निवासी ग्राम समरवाड़ा थाना नागौद सतना तथा गोरख प्रसाद गोस्वामी 34 निवासी ग्राम धनेह थाना उचेहरा सतना शामिल हैं।

 *​इनकी रही सराहनीय भूमिका* 

कार्रवाई में निरीक्षक रूपलाल उईके, लोधीखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक ए.बी. मर्सकोले, उपनिरीक्षक प्रहलाद बैरागी, सउनि घूरसिंह भलावी, प्रधान आरक्षक बृजकिशोर मालवीय, रामभरोस डोहरे, आरक्षक कमलनाथ पवार और साइबर सेल के आरक्षक अखिलेश हिंगवे की मुख्य भूमिका रही।

​पुलिस की अपील: पांढुर्णा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साधु-बाबा या किसी अन्य वेश में आने वाले अनजान लोगों के बहकावे में न आएं। झाड़-फूंक या बीमारी ठीक करने के नाम पर नकदी व आभूषण मांगने वालों से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।

Next Post

रात 1 बजे कमरे से छत की ओर गया इंजीनियर, फिर नहीं लौटा, होटल के कैमरे में कैद आखिरी मूवमेंट

Thu Nov 12 , 2026
इंदौर. निपानिया स्थित त्रिवेणी होटल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजकुमार यादव की मौत के मामले में होटल के सीसीटीवी फुटेज से उसकी आखिरी गतिविधियों की जानकारी सामने आई है. रात करीब एक बजे राजकुमार कमरे से निकलकर छत की ओर जाते होटल के एक कैमरे में दिखाई दिए थे. इसके बाद […]

You May Like