आंध्र प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय सिम बॉक्स रैकेट का भंडाफोड़ , 14 गिरफ्तार

विजयवाड़ा, 13 फरवरी (वार्ता) आंध्र प्रदेश के साइबर क्राइम (सीआईडी) ने दूरसंचार विभाग (डीओटी) के समन्वय से अवैध सिम बॉक्स संचालन का उपयोग करके विदेशी कॉल को स्थानीय कॉल के रूप में प्रसारित करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशाखापत्तनम के पेडागंट्याडा-गाजुवाका क्षेत्र में संदिग्ध कॉलिंग गतिविधि के संबंध में संचार साथी पोर्टल के चकशु मॉड्यूल के माध्यम से प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। जांच से पता चला कि वियतनाम, म्यांमार, कंबोडिया, लाओस, थाईलैंड और मलेशिया सहित दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में स्थित विदेशी ऑपरेटर एसआईपी सॉफ्टफोन के माध्यम से इंटरनेट आधारित वीओआईपी कॉल को भारत में रूट कर रहे थे।

ये कॉल किराए के परिसरों में स्थापित एफटीटीएच ब्रॉडबैंड लाइनों से जुड़े सिम बॉक्स उपकरणों का उपयोग करके स्थानीय स्तर पर समाप्त की जाती थीं। ये उपकरण कई भारतीय सिम कार्डों का उपयोग करके अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय जीएसएम कॉलों में परिवर्तित करते थे, जिससे कॉल का स्रोत छिपा रहता था और कॉल स्थानीय मोबाइल नंबरों के रूप में दिखाई देती थीं।

आरोपियों ने टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से समन्वय किया और सिम प्राप्त करने के लिए फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया।

आईपीडीआर और एनएटी लॉग के तकनीकी विश्लेषण और सीमा शुल्क एवं परिवहन विभाग से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर, विशाखापत्तनम, हैदराबाद, राउरकेला (ओडिशा), नालंदा (बिहार), अरम्बोल (गोवा) और कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में समन्वित तलाशी अभियान चलाया गया। विदेशी नागरिकों और स्थानीय ऑपरेटरों सहित चौदह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अभियान के दौरान, पुलिस ने 14 सिम बॉक्स, 1,496 सिम कार्ड, 22 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, आठ राउटर, सात कैमरे, तीन यूपीएस यूनिट, बैटरी सहित एक इन्वर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। जब्त किए गए सिम कार्डों के सत्यापन से आंध्र प्रदेश में दर्ज कई शिकायतों का पता चला, जिनका अनुमानित वित्तीय नुकसान लगभग 20 करोड़ रुपये है।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक -सीआईडी डॉ. ए. रविशंकर, आईपीएस के निर्देशन में और एसपी, साइबर क्राइम्स अधिराज सिंह राणा की देखरेख में चलाया गया। इसमें पुलिस उपाधीक्षक , साइबर क्राइम्स डॉ. बी. रविकिरण के नेतृत्व में विशेष दल शामिल थे। एपी-सीआईडी ने नेटवर्क को सफलतापूर्वक नष्ट करने और आगे बड़े पैमाने पर वित्तीय नुकसान को रोकने में दूरसंचार विभाग द्वारा दिए गए समन्वित सहयोग की सराहना की।

 

Next Post

रियल एस्टेट परियोजनाओं के लिए ऊंचाई संबंधी पाबंदियों में ढील पर विचार कर रहा नागरिक उड्डयन मंत्रालय

Fri Feb 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 फरवरी (वार्ता) सरकार भविष्य की जरूरतों और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में आवास एवं निर्माण क्षेत्र का योगदान बढ़ाने के मद्देनजर रियल एस्टेट परियोजनाओं में ऊंचाई संबंधी सीमा में रियायत की संभावना पर विचार कर रही है। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने यहां यशोभूमि […]

You May Like