
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र के नरवल स्थित कृष्णा प्लास्टिक कंपनी में पुरानी मजदूरी के पैसे मांगना दो मजदूरों को बेहद महंगा पड़ गया. पैसे देने के बजाय ठेकेदार ने अपने साथी के साथ मिलकर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दोनों मजदूरों को लहूलुहान कर दिया.
बाणगंगा पुलिस ने भवानी नगर निवासी घायल मजदूर नरेंद्र पिता ऋतुराज चौहान की शिकायत पर आरोपी ठेकेदार राजेश निगम और उसके साथी बिरजू के खिलाफ केस दर्ज किया है.फरियादी नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि जब उसने ठेकेदार राजेश से अपनी पुरानी मजदूरी के बकाया रुपए मांगे, तो आरोपी आगबबूला हो गया. राजेश अपने साथी बिरजू के साथ कंपनी परिसर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए नरेंद्र के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा. अपने दोस्त को बचाने जब दूसरा मजदूर चंदर (पिता हरिसिंह भाटी) बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर सिर पर रॉड मार दी.
