सर्प-दंश से बचाव के लिए जिले में व्यापक जागरूकता और त्वरित उपचार व्यवस्था के निर्देश

नीमच। वर्षा ऋतु में सर्पों के अधिक सक्रिय होने से सर्प-दंश की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। जनहानि की रोकथाम के लिए जिले में पंचायत एवं शहरी वार्ड स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सर्प-दंश की स्थिति में त्वरित उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण,गृह विभाग के निर्देशों के तहत पंचायत एवं वार्ड स्तर पर समाचार पत्रों, सामाजिक माध्यमों, आकाशवाणी तथा अन्य प्रचार माध्यमों से सर्प-दंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी दी जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा पंचायत सदस्यों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले में प्रशिक्षित स्नेक कैचर एवं सर्प मित्रों की सूची तैयार कर उनकी सेवाएं पंचायत एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने तथा सहायता नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश हैं।

सभी शासकीय चिकित्सालयों में सर्प-दंश उपचार के लिए आवश्यक दवाओं, उपकरणों एवं एंटी स्नेक वेनम दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।स्नेक कैचर एवं सर्प मित्रों को सर्प बचाव सामग्री और प्राथमिक उपचार सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

सर्प-दंश की रोकथाम के लिए घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, घास-फूस एवं कचरा जमा नहीं होने देने, खेतों एवं जंगलों में कार्य करते समय जूते-मोजे पहनने तथा रात में टॉर्च अथवा पर्याप्त रोशनी का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पशु बाड़ों एवं चरागाहों में भी रात के समय रोशनी रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है। पर्यटन स्थलों पर सर्पों से संबंधित चेतावनी एवं पहचान संबंधी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सर्प-दंश की घटनाओं को जिला आपदा प्रबंधन योजना में स्थानीय आपदा के रूप में शामिल कर पूर्व घटनाओं के आधार पर जोखिम आकलन, संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने तथा मानक कार्यप्रणाली तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। घटनाओं का आंकड़ा संकलित कर भौगोलिक सूचना तंत्र आधारित मानचित्र भी तैयार किया जाएगा।

सर्प-दंश होने पर घबराएं नहीं, पीडि़त को कम से कम हिलाएं-डुलाएं और तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं। सर्प को पकडऩे या मारने का प्रयास न करें तथा घाव को काटने, चूसने, बर्फ लगाने, बांधने या किसी घरेलू उपचार का प्रयोग करने से बचें। समय पर चिकित्सा सहायता प्राप्त करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Next Post

टाटा ट्रक से 20.10 लाख की 335 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त

Wed Aug 19 , 2026
नीमच। अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटा कंपनी के एक ट्रक से 335 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर मामले […]

You May Like