
सिंगरौली । जिले में एक बार फिर से बारिश ने जोर पकड़ लिया है। चितरंगी क्षेत्र में बीती रात से लेकर आज गुरूवार को देर शाम तक जहां झमाझम बारिश हुई है। वहीं बैढ़न इलाके में 11 बजे दिन से लेकर शाम 4 बजे तक रूक-रूक कर बारिश होती रही। जिले में अब तक 1030 मिमी बारिश दर्ज हुई है। पिछले साल के अनुपात में 50 मिमी बारिश कम हुई है। जिले में आज औसतन करीब 23 मिमी बारिश हुई है।
दरअसल जिले के चितरंगी, बैढ़न, बरगवां एवं माड़ा क्षेत्र में बुधवार की रात से ही मानसून सक्रिय हुआ है। चितरंगी इलाके में लगातार छ: घंटे से ऊपर बारिश हुई और दोपहर में कुछ राहत थी, लेकिन शाम होते ही फिर से झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गये हैं। वहीं बैढ़न,देवसर एवं बरगवां तथा माड़ा क्षेत्र में भी रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी रहा। वहीं माड़ा क्षेत्र में भी बारिश का दौर चलता रहा। इधर जिले में सबसे ज्यादा बारिश सिंगरौली तहसील में करीब 1140 मिमी, देवसर 1064, चितरंगी 1012 , सरई 1133, माड़ा तहसील क्षेत्र में 771 मिमी बारिश दर्ज हुई है। जिले में अब तक 1030 मिमी बारिश हो चुकी है। पिछले साल अब तक कुल 1083 मिमी बारिश हुुई थी। इधर मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिन कल शुक्रवार को भी तेज चमक-गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से आज फिर से नदी-नाले तमतमा आ आएं हैं।
