तेलंगाना स्थापना दिवस पर खरगे, राहुल, प्रियंका ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

तेलंगाना स्थापना दिवस पर खरगे, राहुल, प्रियंका ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तेलंगाना स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि तेलंगाना का निर्माण लाखों लोगों के संघर्ष, बलिदान और आकांक्षाओं का परिणाम है। श्री खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि तेलंगाना का गठन देश की लोकतांत्रिक यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में तेलंगाना की जनता की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए राज्य गठन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

उन्होंने तेलंगाना आंदोलन में बलिदान देने वाले शहीदों, छात्रों, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और जनकल्याण के आधार पर “प्रजाला तेलंगाना” के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। श्री गांधी ने कहा कि तेलंगाना लाखों लोगों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर उन सभी लोगों को याद किया जाना चाहिए जिन्होंने अपने सपनों के तेलंगाना के लिए जीवन समर्पित किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सामाजिक न्याय, समान अवसर और राज्य के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान के मूल्यों के साथ उस विरासत को आगे बढ़ा रही है। श्रीमती वाड्रा ने तेलंगाना के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य साहस, नवाचार और प्रगति की भूमि है, जो निरंतर प्रेरणा देती है।उन्होंने कामना की कि तेलंगाना आगे भी समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे और सभी के लिए अवसरों का सृजन करता रहे।

 

 

.....

Next Post

वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में दस्तक? आईपीएल के स्टार बल्लेबाज के चयन पर बीसीसीआई ने दिया बड़ा संकेत, बढ़ीं उम्मीदें

Tue Jun 2 , 2026
नई दिल्ली | आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सनसनी मचाने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय टीम में चयन की चर्चाओं के केंद्र में हैं। वैभव ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 237.31 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। अनुभवी […]

You May Like