भारतीय बल्लेबाजों ने लगाई अंग्रेजों की क्लास, बना दिया नॉकआउट स्टेज का सबसे बड़ा स्कोर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। इंग्लैंड को जीत के लिए 254 रन बनाना होगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

इसके साथ ही यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सबसे बड़ा टोटल भी है। अब इंग्लैंड को फाइनल में पहुंचने के लिए 254 रन बनाने होंगे। यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में दूसरा अवसर है जब किसी टीम ने 200 से अधिक का स्कोर बनाया है। इससे पहले 2012 के सेमीफाइनल में कोलंबो में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 205/4 का विशाल स्कोर बनाया था।

वानखेड़े में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 117 के स्कोर तक पहुंचाया।
ईशान 18 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सैमसन ने शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 43 रन जोड़कर टीम को 160 के स्कोर तक पहुंचाया। संजू सैमसन 42 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

दूसरे छोर पर शिवम दुबे ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने हार्दिक पंड्या के साथ 22 रन जोड़े, लेकिन रन लेते वक्त गलतफहमी के चलते दुबे को अपना विकेट गंवाना पड़ा, जो 25 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत को 253/7 के स्कोर तक पहुंचा दिया। पंड्या ने 12 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 27 रन की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 3 छक्कों के साथ 21 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 1 विकेट अपने नाम किया।

 

Next Post

मुंबई के दर्शनार्थियों की पलटी कार, 5 घायल

Thu Mar 5 , 2026
उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटना के बाद अजय पिता दिलीप, वैष्णवी पति अनिकेत, शांति पति ओमप्रकाश यादव, सोनल पिता ओमप्रकाश और पूनम को चरक अस्पताल लाया गया था। सभी को चोट लगी थी। डॉक्टरों ने उपचार के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती किया है। बताया जा रहा है […]

You May Like