
इटारसी। शहर और न्यू यार्ड क्षेत्र में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समुदाय के हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन को बड़े धूमधाम से मनाया। इस दौरान पूरे माहौल में आस्था और उल्लास की झलक साफ दिखाई दी।
सुबह से ही शहर की मस्जिदों में नमाज और दुआओं का सिलसिला शुरू हुआ, जिसके बाद सभी मस्जिदों के लोग एक साथ मिलकर जुलूस में शामिल हुए। जुलूस ऑडिटोरियम रोड से प्रारंभ होकर सब्जी मंडी, पांचवीं लाइन और जस्तंभ मार्ग से होते हुए अंजुमन स्कूल परिसर में जाकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग पर रंग-बिरंगे झंडे, झालर और रोशनी से सजावट की गई थी। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं जगह-जगह चौक-चौराहों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को तबर्रुक (प्रसाद) बांटा।
जुलूस के आगे बढ़ते समय इस्लामी नारे गूंजते रहे, जो पैगंबर साहब के प्रति गहरी आस्था और सम्मान का संदेश दे रहे थे। आयोजन के दौरान अन्य समुदायों के लोगों ने भी स्वागत कर श्रद्धालुओं के भाईचारे और सद्भाव का परिचय दिया। इससे पूरे शहर में एकता और शांति का संदेश प्रसारित हुआ।
अंजुमन स्कूल में जुलूस का समापन विशेष दुआओं के साथ हुआ। यहां हिंदुस्थान की तरक्की और अमन-चैन के लिए प्रार्थनाएं की गईं, साथ ही पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की राहत और भलाई के लिए भी विशेष दुआ मांगी गई।
जुलूस की व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी एसडीएम टी. प्रतिक राव और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने अपनी टीम के साथ कुशलतापूर्वक संभाली। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यह ऐतिहासिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अंजुमन कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद अयूब खान ने बताया कि दुआओं के बाद अंजुमन आयुष दवा खाने का शुभारंभ किया गया है जिसमें मरीजों की जांच एवं दवाइयां का वितरण निशुल्क किया जाएगा।
ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन केवल धार्मिक दृष्टिकोण से ही नहीं बल्कि समाज में भाईचारे, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने वाला अवसर भी साबित हुआ।
