इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में बॉम्बे अस्पताल चौराहे के पास रास्ते में खड़ी कार हटाने को लेकर विवाद हो गया. कार सवारों ने पहले एक महिला से कथित तौर पर बदसलूकी की, इसके बाद विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट कर दी.पुलिस ने शिकायत पर कार चालक और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है.घटना शुक्रवार 19 सितंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जैन नाश्ता सेंटर के सामने की है. 28 वर्षीय शिकायतकर्ता शिलोम जेम्स ने पुलिस को बताया कि रास्ते में एक फॉर्च्यूनर कार खड़ी थी. उसकी पत्नी ने हॉर्न बजाकर कार हटाने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने रास्ता नहीं दिया.
इसके बाद पत्नी कार से उतरकर चालक के पास पहुंची तो कार में मौजूद तीन अन्य पुरुष और एक महिला ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता शुरू कर दी. शिलोम ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी पत्नी के साथ बदसलूकी होते देख वह भी कार के पास पहुंचा और विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद कार सवारों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए लात घूंसों से मारपीट की. घटना के बाद उसने लसूड़िया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.थाना प्रभारी राजकुमार यादव का कहना है कि पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार के नंबर के आधार पर उसके चालक और साथ मौजूद लोगों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देख रही है, ताकि विवाद और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके.
राजा रघुवंशी हत्याकांड में भी आरोपी रहा है शिलोम
शिलोम जेम्स का नाम चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में सामने आया था. उस पर हत्याकांड के आरोपियों को लसूड़िया क्षेत्र की एक बिल्डिंग में किराए पर फ्लैट उपलब्ध कराने और उन्हें पनाह देने का आरोप लगा था. इस मामले में वह शिलांग की अदालत से जमानत पर है. वर्तमान प्रकरण में शिलोम ने खुद के साथ मारपीट की शिकायत पुलिस को दी है.
