बाईपास पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, किसान की मौत

इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात बाईपास पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने पर 28 वर्षीय किसान की मौत हो गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों की मदद से एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके.मृतक की पहचान दतोदा में रहने वाले 28 वर्षीय सुमित पिता मुकेश राजपूत के रूप में हुई है. सुमित पत्नी और डेढ़ माह की बेटी से मिलने रालामंडल स्थित ससुराल गए थे.

रात करीब 11 बजे बाइक से दतोदा लौटते समय चमेली देवी कॉलेज के पास ब्रिज पर उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से जा भिड़ी. परिजनों का आरोप है कि ट्रॉली पर न तो संकेतक लाइट थी और न ही इंडिकेटर. अंधेरे में ट्रॉली नजर नहीं आने से बाइक उससे टकरा गई. टक्कर में सुमित के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली है. मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया. पुलिस अब ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है. वहीं मामले में थाना प्रभारी तेजाजी नगर, देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि बाईपास पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, तभी बाइक उससे टकरा गई. हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है. ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक के संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

नीरू शर्मा की 'लाइक माँ' में सोनाली कुलकर्णी, पहला पोस्टर जारी

Tue Sep 22 , 2026
मुंबई, 22 सितंबर (वार्ता)अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी फिल्मकार नीरू शर्मा की आगामी शॉर्ट फिल्म ‘लाइक माँ’ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। 23 मिनट की यह शॉर्ट फिल्म एक उच्च-मध्यमवर्गीय परिवार की पृष्ठभूमि पर आधारित है और मातृत्व तथा पीढ़ियों के बीच […]

You May Like