
इंदौर. निपानिया स्थित त्रिवेणी होटल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजकुमार यादव की मौत के मामले में होटल के सीसीटीवी फुटेज से उसकी आखिरी गतिविधियों की जानकारी सामने आई है. रात करीब एक बजे राजकुमार कमरे से निकलकर छत की ओर जाते होटल के एक कैमरे में दिखाई दिए थे. इसके बाद वह वापस कमरे में नहीं लौटे. करीब एक घंटे बाद होटल के पीछे खाली प्लॉट में उनका शव मिला. हालांकि, छत और पीछे के प्लॉट की तरफ सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से घटना का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड नहीं हो सका है. पुलिस अब होटल के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग और कर्मचारियों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है.
46 वर्षीय राजकुमार होटल के चौथे फ्लोर पर कमरा नंबर 401 में पत्नी सरवरी बेगम और आठ साल की बेटी के साथ करीब डेढ़ महीने से ठहरे हुए थे. बुधवार देर रात करीब दो बजे होटल कर्मचारियों ने उन्हें पीछे के खाली प्लॉट में गंभीर हालत में पड़ा देखा था. तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में चौथी मंजिल से नीचे गिरने की बात सामने आई है, लेकिन वह किन परिस्थितियों में नीचे पहुंचे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. जांच में सामने आया है कि होटल के जिस हिस्से से राजकुमार नीचे पहुंचे और जहां उनका शव मिला, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. छत पर भी कैमरों की निगरानी नहीं है. हालांकि, रात एक बजे का फुटेज पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है, जिसमें वह कमरे से छत की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस चौथे फ्लोर के कॉरिडोर, कमरे तक आने जाने वाले रास्तों और होटल के दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. राजकुमार की पत्नी सरवरी बेगम ने पुलिस को बताया कि होटल का बिल 70 हजार रुपए से अधिक हो चुका था. भुगतान नहीं होने पर होटल संचालक ने उन्हें बेटी के साथ होटल छोड़ने और राजकुमार को भुगतान के लिए रुकने की बात कही थी. इसके बाद बुधवार शाम सरवरी बेटी के साथ कोलकाता रवाना हो गई थी. उसने पति को वहां पहुंचने के बाद रुपए भेजने का भरोसा दिया था. राजकुमार को अपने पिता के प्लॉट की बिक्री के एवज में भोपाल के प्रॉपर्टी ब्रोकर यश श्रीवास्तव से भुगतान मिलना था। यश ने गुरुवार को रकम देने की बात कही थी. राजकुमार को उम्मीद थी कि भुगतान मिलते ही वह होटल का बकाया बिल चुका देंगे. वह कुछ समय पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़ चुके थे और खुद का कारोबार शुरू करना चाहते थे. दिसंबर 2025 से आर्थिक परेशानियों के चलते उनकी रहने की व्यवस्था भी लगातार बदल रही थी. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार के पिता लोकायुक्त विभाग से डीएसपी पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनका भाई मध्यप्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर है और धार में पदस्थ है. राजकुमार की वर्ष 2007 में सरवरी से पहचान हुई थी. वर्ष 2010 में उन्होंने प्रीति यादव से भी शादी की थी. पारिवारिक विवाद के बाद वह सरवरी के साथ रहने लगे थे. लसूड़िया पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों और परिजनों के बयानों के साथ प्लॉट के सौदे और बकाया भुगतान से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले राजकुमार की किन लोगों से बातचीत हुई थी और उनकी आर्थिक स्थिति कैसी थी. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. मृतक की आखिरी गतिविधियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है.
