
मंदसौर। गोवा के यश शूटिंग हब में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित 13वीं वेस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में मंदसौर के युवा निशानेबाज ऐराफ मेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। ऐराफ ने 10 मीटर एयर राइफल के जूनियर एवं सीनियर मेन वर्ग में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक पर निशाना साधा और प्रदेश सहित मंदसौर का नाम रोशन किया।
चैंपियनशिप में गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दादरा नगर हवेली एवं दमन-दीव के चयनित निशानेबाजों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ऐराफ ने अपने शानदार प्रदर्शन से स्वर्ण पदक हासिल किया।
ऐराफ मेव ने हाल ही में जबलपुर में संपन्न हुई 13वीं मध्य प्रदेश स्टेट गन फॉर ग्लोरी शूटिंग चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया था।
ऐराफ वर्तमान में देवास की द आर्ट ऑफ शूटिंग एकेडमी में कोच सुयश कसेरा से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कोच सुयश कसेरा स्वयं आईएसएसएफ के ‘सी’ एवं ‘डी’ लाइसेंसी तथा एनआरएआई के राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणित कोच हैं।
वेस्ट जोन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद ऐराफ मेव अब आगामी नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे। ऐराफ मंदसौर जिले के सोनगरी ग्राम के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
