ग्वालियर: भितरवार थाना क्षेत्र के बसई गांव में 21 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, घटना 9 मई की रात करीब 11:30 बजे की है। उस वक्त पीड़िता की मां और छोटा भाई घर पर थे। छोटा भाई छत पर सो रहा था और मां आंगन में चारपाई पर लेटी हुई थी।
आरोप है कि गांव के ही रहने वाले लोकेन्द्र रावत, योगेश रावत, जितेन्द्र रावत और जगमोहन रावत हथियार लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने पहले मां पर राइफल अड़ाकर धमकाया कि शोर मचाने पर उसके बेटे को गोली मार देंगे। धमकी से डरी मां चारपाई पर लेटी रही। इसके बाद आरोपी योगेश, जितेन्द्र और जगमोहन युवती को जबरन उठाकर पास के ही एक बाड़े में ले गए।
वहां वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसके भाई को गोली मार देंगे।
बदनामी और धमकी के डर से पीड़िता ने कई दिनों तक परिवार को कुछ नहीं बताया। मानसिक तनाव में आकर उसने घर में रखी जहरीली दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर पहले उसे भितरवार अस्पताल और फिर जेएएच ग्वालियर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सुधार होने पर भी युवती सहमी हुई थी। पिता के पूछने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि इसी कारण उसने जहर खाया था। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और मामला अफसरों तक पहुंचा।पुलिस ने जांच के बाद गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। भितरवार टीआई सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर योगेश, जितेन्द्र और लोकेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि जगमोहन घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
