सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना

ग्वालियर: माधौगंज थाना क्षेत्र के गुड़ा इलाके में चोरों ने एक सूने घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बीमार सास को देखने दतिया गए बुजुर्ग के घर से चोर करीब 9 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और लैपटॉप चोरी कर ले गए। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें तीन चोर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गुड़ा पुरानी हवेली के पास रहने वाले 62 वर्षीय गौरीशंकर गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त की रात वह अपने छोटे बेटे अनमोल के साथ दतिया स्थित ससुराल गए थे। दतिया में उनकी सास सुशीला की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और परिवार में पंचायत भी होनी थी। घर पर उनका बड़ा बेटा अजय था। रात में वह घर पर ताला लगाकर अपनी ड्यूटी पर चला गया था।
23 अगस्त की सुबह जब अजय ड्यूटी से वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत अपने पिता को फोन कर जानकारी दी।
सूचना मिलते ही गौरीशंकर और अनमोल ग्वालियर लौटे। घर पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। चोरों ने नीचे की मंजिल के एक कमरे और दूसरी मंजिल के दो कमरों की अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे।
पीड़ित के अनुसार चोर घर से 1 लाख 95 हजार रुपये नकद, गुल्लक में रखे करीब 8 हजार रुपये, चार-चार तोले की दो सोने की चेन, सोने का ब्रेसलेट, सोने की अंगूठियां, चांदी के 10 सिक्के और एक लेनोवो कंपनी का लैपटॉप ले गए हैं।
मामले में माधौगंज थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

इनका कहना है..
सूने घर से नकदी, गहने और लैपटॉप चोरी का मामला दर्ज किया गया है। कुछ जगहों पर फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
दिव्या तिवारी
थाना प्रभारी,माधौगंज

Next Post

पुराने विवाद पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Tue Aug 25 , 2026
ग्वालियर: थाना मुरार पुलिस ने पुराने विवाद पर गाली-गलौज कर देशी पिस्टल से फायर करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस जप्त किया गया है।फरियादी अनुराग किरार निवासी वंशीपुरा मुरार ने […]

You May Like

Play sound