सिंगरौली: जिला चिकित्सालय में सिकल सेल एनीमिया जागरूकता एवं सिकल कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह रहे। उन्होंने सिकल सेल से पीड़ि़त मरीजों को सिकल कार्ड वितरित किए तथा उपस्थित लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। संबोधन में विधायक ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। समय पर जांच, सही उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से मरीज सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सिकल सेल एनीमिया के लक्षण, बचाव, उपचार और नियमित जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, आरजेडी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह परिहार, सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, डीपीएम सुधांशु मिश्रा, डॉ. राजेश, वार्ड पार्षद संतोष शाह सहित अन्य मौजूद रहे।
विधायक ने बच्चों को उचित पोषण, मातृ स्नेह पर दिया बल
आज विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर पोषण पुनर्वास केन्द्र, बैढ़न में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह ने सहभागिता कर नन्हे शिशुओं एवं बच्चों से मुलाकात की तथा उन्हें बिस्किट, चॉकलेट एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित कर स्नेह व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक ने महिलाओं से संवाद करते हुए शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण एवं जन्म के बाद प्रारंभिक छ: माह तक केवल स्तनपान के महत्व पर चर्चा की। स्वस्थ माँ और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। विश्व स्तनपान सप्ताह हमें यह संदेश देता है कि प्रत्येक बच्चे को जीवन की बेहतर शुरुआत के लिए उचित पोषण, मातृ स्नेह और स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है
