
सतना . जिले में कुछ शिक्षकों के नशे में धुत्त होकर विद्यालय पहुंचने और अशोभनीय हरकत करने के चलते एक ओर जहां विपरीत असर पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर इससे देश की नई पीढ़ी के सामने गुरु की छवि भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है. इसी कड़ी में नशे में धुत्त होकर विद्यालय के सामने पड़े रहने से संबंधित एक शिक्षक का वीडियो वाइरल हो गया. जिसकी जांच संकुल प्राचार्य द्वारा की जा रही है.
मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वाइरल होने लगा. जिसमें एक शिक्षक अपने ही विद्यालय के बाहर नशे में धुत्त पड़े नजर आ रहे हैं. मामला मैहर जिले के नादन क्षेत्र अंतर्गत करौंदीकॉप के टिकुरिया टोला में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का बताया गया. वहीं नशे में धुत्त होकर पड़े व्यक्ति की पहचान धर्मेंद्र पाण्डेय के तौर पर हुई. धर्मेंद्र करौंदी काप नादन हरिजन बस्ती में स्थित विद्यालय में पदस्थ शिक्षक बताए गए. सोशल मीडिया में वाइरल वीडियो सुर्खियां बटारते हुए जिला शिक्षा अधिकारी तक भी पहुंच गया. लिहाजा मामले की जांच कर प्रतिवेदन मांगने में देर न लगी. जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्रिहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक विद्यालय करौंदी काप के शिक्षक धर्मेंद्र पाण्डेय के वाइरल वीडियो की जांच संकुल प्राचार्य द्वारा कराई जा रही है. जांच प्रतिवेदन में प्राप्त तथ्य के अनुसार दोषी पाए जाने पर शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
