- कचरा वाहन में लादकर ले गए गाय का शव, ऊपर से डाला कूड़ा
छतरपुर। जहाँ गाय को माता का दर्जा दिया जाता है, वहाँ छतरपुर नगर पालिका की संवेदनहीनता ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। शहर के बाईपास रोड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी भी संवेदनशील व्यक्ति की रूह कांप जाए। एक मृत गाय के शव को नगर पालिका के कचरा वाहन में लादकर ले जाया गया और हद तो तब हो गई जब उसके ऊपर कचरा भी फेंक दिया गया।
सवालों से भागते जिम्मेदार
वीडियो वायरल होते ही शहर में उबाल है, लेकिन जिम्मेदारों के पास जवाब नहीं है। नपा सीएमओ माधुरी शर्मा और कलेक्टर पार्थ जायसवाल से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन अधिकारियों के फोन ‘नो रिस्पॉन्स’ मोड पर रहे। यह चुप्पी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
सियासी घमासान
इस मुद्दे पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष गगन यादव ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के लिए गाय सिर्फ राजनीति का मोहरा है। जीते-जी गौशालाओं में भ्रष्टाचार और मौत के बाद शवों की यह दुर्दशा बताती है कि ‘गौ-सेवा’ के दावे कितने खोखले हैं। फिलहाल, पूरा शहर इस अपमान के खिलाफ आक्रोशित है।
