उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत शहर में बुनियादी ढांचे के निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के काम तेज़ी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन लगातार मैदान में उतरकर काम की निगरानी कर रहा है.
इसी क्रम में संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ 2028 से जुड़े निर्माण कार्यों की फेहरिस्त आगे बढ़ाने में जुटे हैं, खजूर वाली मस्जिद से केडी गेट तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण सिंहस्थ के तहत बेहद महत्वपूर्ण हैं.
लापरवाही पर बरसे अफसर
सिंहस्थ की जरूरी सड़क के निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य धीमी गति से किया जा रहा है और निर्धारित समय के अनुसार प्रगति नहीं हो रही है. इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह से लेकर सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने ठेकेदार पर 5 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए गए.
जूना सोमवारिया से बड़े पुल तक
जूना सोमवारिया से बड़े पुल तक सड़क चौड़ीकरण कार्य भी चल रहा है, साथ ही भूखी माता मंदिर के पास बन रहे ब्रिज निर्माण की प्रगति की समीक्षा भी लगातार की जा रही, कार्य में तेजी लाने के संबंध में बैठके भी ली जा रही, अफसरों को मानना है कि सिंहस्थ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
5 लाख की पेनल्टी ठोकी
गोंनसा मार्ग पर निर्माण कार्य की वांछित प्रगति नहीं मिलने पर भी एजेंसी पर 5 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सीएम की परिकल्पना का सिंहस्थ
दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव की परिकल्पना के अनुसार सिंहस्थ 2028 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं. शहर में सड़क चौड़ीकरण, नए ब्रिज और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम चल रहा है.
समय सीमा में हो निर्माण
संभाग आयुक्त आशीष सिंह, जो सिंहस्थ मेला अधिकारी भी हैं, ने साफ कहा कि सभी निर्माण कार्य समयसीमा में पूरे किए जाएं. निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता और गति दोनों का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सिंहस्थ के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके
