नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। गेहूं और खाद्य तेलों में भी तेजी रही जबकि चीनी की कीमत स्थिर बनी रही। दालों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत दो रुपये बढ़कर 3,856 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं तीन रुपये महंगा हुआ और 2,856 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। वहीं, आटे की कीमत 10 रुपये घटी। दाल-दलहनों में मिश्रित रुख रहा। तुअर दाल और उड़द दाल औसतन छह रुपये प्रति क्विंटल चढ़ी। चना दाल और मूंग दाल पांच-पांच रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। वहीं मसूर दाल में 17 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 60 रिंगिट की मजबूती के साथ 4,154 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा 0.61 प्रतिशत चढ़कर 52.87 सेंट प्रति पौंड बोला गया। स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन 63 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। वनस्पति में 72 रुपये और सूरजमुखी तेल में 41 रुपये की तेजी रही। पाम ऑयल 37 रुपये मजबूत हुआ। सोया तेल 29 रुपये और मूंगफली तेल 28 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हो गया।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव तीन रुपये प्रति क्विंटल बढ़े। चीनी कमोबेश पिछले दिवस के स्तर पर ही रही।

