नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) मल्टी कॅमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना बुधवार को पहली बार 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एक्सचेंज से मिली जानकारी के अनुसार, शाम 4.30 बजे सोना वायदा पिछले दिवस की तुलना में 7,132 रुपये (4.75 प्रतिशत) की तेजी के साथ 1,57,697 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। यह सोने का अब तक का उच्चतम स्तर है। चांदी ने भी 10,228 रुपये (3.16 प्रतिशत) की तेजी के साथ पहली बार 3,33,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंचकर नया रिकॉर्ड बनाया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड मुद्दे पर की गयी कार्रवाई और दिये गये बयानों से विदेशों में भी निवेशकों ने सुरक्षित धातु की शरण ली जिससे सोने में तेजी देखी गयी।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोना वायदा 2.12 प्रतिशत उछलकर 4,867 डॉलर प्रति औंस बोला गया। यह पहली बार 4,800 डॉलर पर पहुंचा है। यह लगातार तीसरी तेजी है। चांदी में विदेशों में 0.42 प्रतिशत का उछाल आया और यह 0.394 डॉलर चढ़कर 95.03 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गयी।

