
फिरोजाबाद 08 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में यमुना नदी का जलस्तर बराबर बढ़ने के बीच सोमवार को खतरे के निशान के करीब पहुंचने से तटवर्ती क्षेत्र के कई गांव और खेतों में पानी भरने लगा है।
वहीं एक स्टीमर में सवार लोगों के फंसे होने की सूचना पर जिला प्रशासन के राहत कार्य के बाद सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। जिले में यमुना के बढ़ते जल स्तर से विशेष रूप से टूंडला और फिरोजाबाद तहसील के तटवर्ती गांव प्रभावित है । कई गांव में पानी अंदर जाने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, निचले क्षेत्रों के खेतों में भी पानी भर जाने के कारण फसले बर्बाद हो गई है।
टूंडला क्षेत्र में यमुना किनारे गांव रसूलाबाद के ग्रामीण रविवार को यमुना पार करके काम करने के लिए स्टीमर द्वारा दूसरी ओर गए थे, दोपहर बाद वापसी के समय उनका स्टीमर पानी मे पेड़ आ जाने के कारण उसके इंजन में फस जाने की वजह से इंजन बंद हो गया और स्टीमर वहीं पर फंस गया जिसकी वजह से स्टीमर में सवार लोगों का जीवन संकट में पड़ गया।
यमुना के अंदर स्टीमर फंसने की जानकारी होने पर जिला प्रशासन के अधिकारी एसएससी सौरभ दीक्षितअपर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद तहसीलदार राखी शर्मा आदि पुलिस बल और एनडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और करीब पांच घंटे के प्रयास के बाद देर शाम सभी को स्टीमर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा निगरानी टीमो के माध्यम से सभी ग्रामीणों को यमुना के बढ़ते जल स्तर को देखकर दूर रहने और सतर्क रहने की चेतावनी बराबर दी जा रही है।
