लखनऊ, 28 फरवरी (वार्ता) वुमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मौजूदा संस्करण में अब तक औसत प्रदर्शन कर चुकी यूपी वारियर्स अपने घरेलू मैदान में खेले जाने वाले तीन मैचों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को कमर कस चुकी है।
हालांकि यह पहला मौका है जब वारियर्स को इकाना स्टेडियम की पिच को समझने का मौका मिलेगा। वॉरियर्स की कप्तान दीप्ति शर्मा उत्तर प्रदेश से ही हैं। कप्तान और कोच जॉन लुईस का एजेंडा फिलहाल टीम को यहां के परिवेश के अनुकूल ढालना है, ताकि लीग के तीसरे संस्करण के प्लेऑफ़ की राह में यथासंभव कम बाधाएँ हों।
कैप्री स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली यूपी वॉरियर्स तीन मार्च को गुजरात जायंट्स का सामना करेगी जिसके बाद उसका मुकाबला छह माच को मुबंई इंडियंस और आठ मार्च को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। टीम के अब तक प्रदर्शन पर निगाह डालें तो वारियर्स ने पांच में से दो मैचों में जीत हासिल की है जबकि तीन में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिये वारियर्स घरेलू दर्शकों की हौसलाफजाई और परिस्थितियों का लाभ उठाते हुये सभी तीन मैच जीतना पसंद करेगी।
कप्तान दीप्ति शर्मा ने कहा, “ दो सीजन से, यूपी वॉरियर्स ने अपने घरेलू मैदान पर खेलने का इंतजार किया है और अब जब हम यहाँ हैं, तो यह अच्छा लगता है कि हम अपने फैन्स और परिवारों के सामने होंगे। और हम एक इकाई के रूप में मिलकर काम करेंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हम लखनऊ में अपने घरेलू फैन्स के लिए शानदार प्रदर्शन करें। यहाँ की पिच पारंपरिक रूप से स्पिनरों की मदद करती है और हमें उम्मीद है कि इससे हमें भी मदद मिलेगी। जब आप घर पर खेलते हैं, तो फैन्स की बदौलत आपको एक अलग तरह की प्रेरणा मिलती है और मुझे उम्मीद है कि एकाना क्रिकेट स्टेडियम खचाखच भरा होगा और सभी लोग हमारे लिए नारे लगा रहे होंगे।”
कोच जॉन लुईस ने कहा, “ टूर्नामेंट के इस हिस्से के बारे में सबसे महत्वपूर्ण बात अनुकूलनशीलता (एडपबिलिटी) होगी। अगले कुछ दिनों में, हम परिस्थितियों के और अधिक अभ्यस्त हो जाएंगे और इस तरह से तैयारी करेंगे कि हम सभी तरह के हालात का मुकाबला कर सकें। टीम और मुझे जो आत्मविश्वास देता है, वह यह है कि हमारे पास वास्तव में एक संतुलित टीम है जिसमें कई अच्छे विकल्प हैं।”
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए वृंदा दिनेश ने कहा, “ यूपी वॉरियर्स के लिए खेलना मेरे लिए एक बड़ा अवसर है, और मैंने पहले दिन से ही इसका भरपूर आनंद लिया है। पिछले कुछ सालों में मैंने मैदान पर और मैदान के बाहर बहुत कुछ सीखा है, और मैं एकाना स्टेडियम में खेलने के लिए उत्सुक हूँ, जहाँ मैंने पहले कभी नहीं खेला है।”
यूपी वॉरियर्स डब्ल्यूपीएल 2025 टीम:
दीप्ति शर्मा (कप्तान), उमा छेत्री (विकेट कीपर), चिनेल हेनरी, पूनम खमनार, किरण नवगिरे, दिनेश वृंदा, जॉर्जिया वोल, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, तहलिया मैकग्राथ, श्वेता सेहरावत, अंजलि सरवानी, सोफी एक्लेस्टोन, राजेश्वरी गायकवाड़, साइमा ठाकोर, आरुषि गोयल, क्रांति गौड़, गौहर सुल्ताना
