मुलताई। किसान संघर्ष समिति के प्रदेश महासचिव अनिल सोनी ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजीव कहार को सौंपते हुए किसानों को गुड़ का बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में अनिल सोनी ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को बैतूल में मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा गुड़ की फसल लगाने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया था। इस घोषणा से प्रदेश भर के किसानों में उत्साह का माहौल है और अब किसान सीधे अपने खेतों में गुड़ की खेती करना चाहते हैं।
अनिल सोनी ने आग्रह किया कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में कृषि विभाग के माध्यम से गुड़ का बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं। इससे किसान सीधे खेतों में गुड़ का बीज बोकर फसल ले सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और यह अभिनव पहल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकेगी।
