
देवास। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना देवास में पदस्थ प्रधान आरक्षक शाहीन खान को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देश पर एवं पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनंद यादव के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को आवेदक विशाल परमार ने लोकायुक्त पुलिस उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी पत्नी द्वारा महिला थाना देवास में मारपीट और दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई गई है, जिस पर कार्रवाई न करने के बदले प्रधान आरक्षक शाहीन खान द्वारा ₹15 हजार की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त पुलिस द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 को ट्रैप दल का गठन कर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान महिला थाना देवास की प्रधान आरक्षक शाहीन खान को आवेदक से ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
